Home Defence भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचे एयरफोर्स के तीन ग्लोबमास्टर

भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचे एयरफोर्स के तीन ग्लोबमास्टर

यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लाने के ऑपरेशन गंगा के तहत 200 भारतीयों को लेकर एयरफोर्स का पहला C-17 ग्लोबमास्टर विमान गुरुवार तड़के हिंडन एयरबेस पर उतरा। विमान ने रोमानिया के बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी। इसके बाद सुबह 8 बजे तक दो और C-17 ग्लोबमास्टर यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंच गए। दूसरे विमान में 220 और तीसरे विमान में 208 भारतीय दिल्ली पहुंचे। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्‌ट ने यात्रियों का स्वागत किया। उधर, भारत में रूसी ऐंबैसी ने दावा किया है कि भारतीय छात्रों को बंधक बनाकर यूक्रेन मानवीय कवच के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने कहा कि अभी तक एसी कोई रिपोर्ट नहीं है।

दिल्ली- मुंबई पहुंची उड़ानें

उधर, एअर इंडिया का एक और विमान भी गुरुवार तड़के दिल्ली पहुंचा। केंद्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने एयरपोर्ट पर यात्रियों का स्वागत किया। चौधरी ने बताया कि अब तक कुल 16 उड़ानों से करीब 3000 भारतीयों को यूक्रेन से भारत लाया जा चुका है। वहीं इंडिगो का विशेष विमान भी बुखारेस्ट से 200 भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचा। इसमें आए स्टूडेंट्स का स्वागत केंद्रीय राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने किया। वहीं मुंबई पहुंचे विमान में आए स्टूडेंट्स का स्वागत रेल राज्यमंत्री राव साहेब पाटिल दानवे ने किया। उन्होंने कहा कि रेलवे ने एक हेल्प डेस्क बनाई है। जो स्टूडेंट्स ट्रेन से घर जान चाहते हैं, उन्हें एयरपोर्ट पर ही रिजर्वेशन टिकिट दिया जाएगा।