चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा। रावत, मधुलिका और हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के शव मद्रास रेजीमेंट सेंटर लाए गए हैं। यहां से रावत और मधुलिका की पार्थिव देह दिल्ली लाई जाएगी। संसद में राजनाथ सिंह ने कहा कि हादसे में बचे अकेले शख्स, ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह, को वेलिंगटन अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी जान बचाने की कोशिशें जारी हैं।
शुक्रवार सुबह 11 से दोपहर 2 बजे के बीच लोग रावत के दिल्ली स्थित घर पर अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद कामराज मार्ग से बरार चौराहे शवयात्रा निकाली जाएगी। दिल्ली कैन्टोन्मेंट में अंतिम संस्कार होगा। इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ ने हादसे पर बयान देना शुरू कर दिया है।
राजनाथ ने हादसे पर 4 मिनट बयान दिया, कहा- 12:08 पर टूट गया था संपर्क
राजनाथ सिंह ने संसद में 11.5 पर संसद में बयान दिया। 4 मिनट के बयान में उन्होंने हादसे में मारे गए सभी लोगों के बारे में जानकारी दी और रावत के अंतिम संस्कार के बारे में भी बताया। रक्षा मंत्री ने कहा, “हेलिकॉप्टर का संपर्क दोपहर 12:08 पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया था। इसके बाद वह क्रैश हो गया। स्थानीय लोग जब घटनास्थल पर पहुंचे तो हेलिकॉप्टर में आग लग गई थी। रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं। हादसे में बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को वेलिंगटन के अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां वे लाइफ सपोर्ट पर हैं। उनकी जान बचाने की कोशिशें जारी हैं।”
शौर्य चक्र से सम्मानित हैं हादसे में बचे वरुण सिंह
हेलिकॉप्टर क्रैश में सिर्फ ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह बचे हैं। उनका शरीर इस हादसे में बुरी तरह झुलस गया है। वे वेलिंगटन के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती हैं। पिछले साल तेजस फाइटर जेट उड़ाते वक्त उन्हें बड़ी तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा था, पर उन्होंने साहस नहीं खोया और विमान को सुरक्षित लैंड कराया था। इसके लिए उन्हें शौर्य चक्र से नवाजा गया था।