गडकरी-फडणवीस ने किए बड़े ऐलान, खासदार क्रीड़ा महोत्सव बना खेल प्रतिभाओं का मंच
नागपुर ब्यूरो : यशवंत स्टेडियम में आयोजित खासदार क्रीड़ा महोत्सव के समापन समारोह में नागपुर के खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणाएं हुईं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए 700 करोड़ रुपये के पुनर्निर्माण कार्य का ऐलान किया।
छोटे खेल मैदानों के लिए 150 करोड़ की निधि
फडणवीस ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छोटे खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने 150 करोड़ रुपये की निधि आवंटित करने का निर्णय लिया है।
12,000 पदक और 1.5 करोड़ रुपये के पुरस्कार
58 खेल स्पर्धाओं में 77,663 खिलाड़ियों ने भाग लिया। महोत्सव में विजेताओं को 12,317 पदक और 1.5 करोड़ रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। खिलाड़ियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए क्रीड़ा महर्षि, क्रीड़ा प्रशिक्षक और क्रीड़ा भूषण पुरस्कार भी दिए गए।
ओलंपिक स्तर की सुविधाएं देने की तैयारी
फडणवीस ने बताया कि मानकापुर खेल परिसर का पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि शहर में ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
गडकरी बोले— खिलाड़ियों के व्यक्तित्व विकास का लक्ष्य
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पिछले 7 वर्षों से आयोजित हो रहे इस महोत्सव का उद्देश्य खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और नेतृत्व कौशल विकसित करना है। इस महोत्सव ने विदर्भ के खेल प्रतिभाओं के लिए एक नई उम्मीद जगाई है जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नागपुर का नाम रोशन करेंगे।